मंगला यादव
बड़ागांव, वाराणसी। स्थानीय थाना क्षेत्र के बिरांव गांव निवासिनी एक विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज में 2 लाख रुपए नगद और मोटरसाइकिल न मिलने पर उसे मारपीट कर चील्ह के पास सड़क पर छोड़ दिया। आस—पास के लोगों की मदद से विवाहिता किसी तरह मायके पहुंची और शुक्रवार को देर शाम पति सहित ससुराल पक्ष के 5 लोगों के विरुद्ध दहेज प्रथा सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय थानाक्षेत्र के बिरांव गांव निवासी चंद्रमा इन्द्रमन उपाध्याय की पुत्री श्रुति की शादी मिर्जापुर जनपद के चील्ह थाना अंतर्गत हरसिंहपुर (तिलठी) गांव निवासी विनोद त्रिपाठी के पुत्र अभिषेक त्रिपाठी के साथ 21 मई 2023 को संपन्न हुई थी जिसमें मायके वालों ने सामर्थ्य वश दान दहेज दिया था। शादी के बाद से ससुराल के लोग दहेज में दो लाख रुपए नगद और बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर 13 जुलाई को विवाहिता को मारपीट कर रात 1 बजे चील्ह पुल पर छोड़कर भाग निकले। विवाहिता ने पति ससुर सहित सास अनीता, देवर अतुल, चचिया ससुर प्रमोद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।




















