Jaunpur: प्राइवेट टैंकर से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं ग्रामीण

  • भीषण गर्मी से गहराया जल संकट, सावन के महीने में उड़ रही धूल

डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। मौसम की बेरूखी से जहां किसानों के माथे पर चिंता की लकीरे साफ दिख रही है, वहीं अब पीने के पानी का संकट भी गहराता जा लहा है। सावन के महीने में जहां औसतन सबसे ज्यादा बारिश होती है, वहीं अब इस महीने में धूल उड़ रही है।
पानी के अभाव में किसानों के धान की फसल अब नष्ट होने के कगार पर पहुंच चुकी है। भीषण गर्मी के बीच गहराते जल संकट का आलम यह है कि विकास खण्ड स्थित राजधरपुर-सलेमपुर गांव के लोग प्राइवेट टैंकरों से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं जिसे लेकर लोगों में आक्रोश है। मौसम के मिजाज से फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है।
गर्मी और तेज धूप से लोग बेहाल है। इस भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन रही है। जलस्तर नीचे जाने हैण्डपम्प पानी नहीं दे रहे हैं।विश्व बैंक हैण्डपम्प हीं पीने के पानी का एकमात्र सहारा है। पीने के पानी की किल्लत से गांववासी चन्दा लगाकर प्राइवेट टैंकर से पानी खरीदने को मजबूर दिख रहे है। इस सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकारी गौरवन्द्र सिंह का कहना है कि जल जीवन मिशन योजना का क्रियान्वयन जनपद मुख्यालय से होता है, फिर भी हम गांव मे विजिट कर समस्या का समाधान करने का प्रयास करेंगे।
ग्रामीणों को नहीं मिल रहा हर घर जल योजना का लाभ
मानसून पर टिकीं ग्रामीणों की निगाहें
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर से बारिश होने पर पानी की समस्या वर्षों से बनी हुई है। अभी तक समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय निवासी वकील अहमद, मुश्ताक, चन्द्रेश यादव, महेंद्र शर्मा, राम मुरारी शर्मा आदि लोगों का कहना है कि प्राइवेट टैंकरों से पानी लेना हमारी मजबूरी है। कमरतोड़ महंगाई से घर चलाना मुश्किल हो रहा है। ऊपर से खरीदकर पीने के लिए पानी की व्यवस्था करना एक विकट समस्या है। जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। अब मानसून की बारिश हीं हम लोगों के लिए एक मात्र सहारा है।
क्या कहीं जिला विकास अधिकारी
इस बाबत पूछे जाने पर मीनाक्षी जिला विकास अधिकारी का कहना है कि यह प्रकरण चिन्ताजनक है। जल जीवन मिशन योजना अधिशासी अभियन्ता जल निगम को हस्तांतरित कर दी गयी है। इस योजना द्वारा इस समस्या का त्वरित समाधान नहीं किया जा सकता। ब्लाक स्तरीय अधिकारी को इस समस्या का त्वरित वैकल्पिक समाधान करना चाहिए। मैं फील्ड से बाहर हूं। लौटते ही समस्या का समाधान करूंगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here