संदीप पाण्डेय
रायबरेली। जनपदस्तरीय प्रथम त्रैमासिक संकुल शिक्षक बैठक का जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रायबरेली में डायट के प्राचार्य जय प्रताप सिंह के दिशा निर्देशन में आयोजन हुआ जहां जनपद के समस्त विकास क्षेत्रों के संकुल शिक्षकों ने छः चक्रों में डायट रायबरेली में प्रतिभाग किया। प्राचार्य द्वारा आने वाले सत्रों में और बेहतर करने हेतु प्रत्येक विद्यालय पर निपुण कार्य योजना बनाए जाने हेतु और लक्ष्य को प्राप्त किए जाने हेतु मार्गदर्शित किया गया।
जनपदस्तरीय संकुल शिक्षक बैठक के नोडल डायट प्रवक्ता अभिवेक श्रीवास्तव ने समस्त संकुल शिक्षकों को उनके समस्त विद्यालयों को निपुण कार्य योजना का निर्माण करते हुए लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही कहा कि हम सभी को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों को निभाना है तभी जनपद रायबरेली निपुण जनपद बन सकेगा। राजवंत सिंह एस.आर.जी. ने संकुल शिक्षक बैठक में आये समस्त शिक्षक संकुल को निपुण सर्वे परिणाम, नेशनल अचीवमेंट सर्वे परिणाम, 5 प्वाइंट टूल किट, विकास क्षेत्र स्तरीय संकुल बैठकों के बारे में विस्तार से चर्चा की। शैलेंद्र सिंह एस.आर.जी. ने निपुण सर्वे में मध्यम और संघर्षशील स्तर के विद्यालयों को सक्षम स्तर तक ले जाने हेतु कार्य योजना बनाने जाने हेतु उचित दिशा निर्देश प्रदान किया।
सुनील यादव एस.आर.जी. ने विकास क्षेत्र स्तर पर होने वाली संकुल शिक्षकों की बैठकों को राज्य परियोजना कार्यालय के दिशा निर्देशानुसार एजेंडा के आधार पर चलाए जाने हेतु समस्त संकुल शिक्षकों को निर्देशित किया। छः सत्रों में आयोजित संकुल बैठक में 780 संकुल शिक्षकों में से 760 संकुल शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। अनुपस्थित संकुल शिक्षकों को स्पष्टीकरण देने हेतु आदेशित किया गया।