जियोपार्क बनने से होगा क्षेत्र का विकास: डॉ. मोहन

  • चित्रकूट में जियोपार्क स्थापना कार्यशाला का मध्य—प्रदेश के सीएम ने किया शुभारम्भ

शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। जिले में संभावित जियोपार्क की स्थापना के लिए एक महत्त्वपूर्ण फील्ड कार्यशाला एवं सामूहिक चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दीनदयाल शोध संस्थान के सहयोग से द सोसाइटी ऑफ अर्थ साइंटिस्ट्स आईआईटी कानपुर और भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य चित्रकूट में जियोपार्क की स्थापना की संभावनाओं पर चर्चा करना और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र विवेकानंद सभागार उद्यमिता परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सतीश त्रिपाठी सचिव सोसाइटी ऑफ अर्थ साइंटिस्ट्स द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन सिंह ने कहा कि चित्रकूट में जियोपार्क की स्थापना से न केवल क्षेत्र के प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण होगा, बल्कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बढावा मिलेगा। उन्होंने सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और इस परियोजना को शीघ्रता से पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। कार्यक्रम संरक्षक अभय महाजन ने अपने विचार रखते हुए जियोपार्क की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इसके बाद बेन्नो बोअर प्रमुख प्राकृतिक विज्ञान यूनेस्को दिल्ली ने यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क के अन्तर्राष्ट्रीय परिदृश्य पर एक पावर प्वाइंट प्रस्तुति दी। उन्होंने जियोपार्क की वैश्विक महत्वता और इसके लाभों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. सतीश त्रिपाठी ने प्रस्तावित चित्रकूट जियोपार्क पर एक और पावर पॉइंट प्रस्तुति दी।
जिसमें इस परियोजना की विशेषताओं और संभावित प्रभावों पर प्रकाश डाला गया। उत्तम बेनर्जी उपाध्यक्ष दीनदयाल शोध संस्थान ने चित्रकूट में जियोपार्क की स्थापना के महत्व पर जोर दिया। साथ ही इसे क्षेत्रीय विकास के लिए एक आवश्यक कदम बताया। सत्र के दौरान विधान परिषद सदस्य और पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. महेंद्र सिंह ने अपने विचार साझा किए। विधानसभा अध्यक्ष मध्य प्रदेश नरेंद्र सिंह तोमर ने भी जियोपार्क की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। साथ ही सभा ने सर्वसम्मति से चित्रकूट जियोपार्क की स्थापना का प्रस्ताव पारित किया। कार्यक्रम में डॉ. मुकुंद शर्मा, डीएसएन कॉलेज उन्नाव के अनिल साहू ने सक्रिय सहभाग किया। इस मौके पर प्रतिमा बागरी, दिलीप अहिरवार, गणेश सिंह, सुरेंद्र सिंह गहिरवार, उमाशंकर पांडेय, पद्मश्री कंवल सिंह तंवर, प्रो. एके सिंह, प्रो. भरत मिश्रा, प्रो. मुकेश पांडेय, डॉ. सतीश त्रिपाठी, डॉ. अश्वनी अवस्थी आदि मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here