मैहर से दर्शन कर लौट रही महिला ने बस में शिशु को दिया जन्म

  • मौसम खराब होने की वजह से कटरा कालिंजर में डाला डेरा

रूपा गोयल
नरैनी, बांदा। मैहर से देवी दर्शन कर परिवार संग लौट रही गर्भवती महिला को निजी बस में अचानक ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
परिवार की अन्य महिलाओं की मदद से गर्भवती ने बस के अंदर शिशु को जन्म दिया। बारिश और मौसम खराब होने के कारण पूरे परिवार ने जच्चाबच्चा समेत कटरा कालिंजर में डेरा डाल दिया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों ही सुरक्षित है।
जानकारी के अनुसार बाराबंकी जिला के सिचौर गांव निवासी शुकरवली महावत अपने परिवार के 15 सदस्यों के साथ प्राइवेट वाहन से मध्यप्रदेश के सतना जिला क्षेत्र में स्थित मैहर की प्रसिद्ध शारदा देवी मंदिर में दर्शन करने गया था।
बृहस्पतिवार को सभी लोग वापस लौट रहे थे। रास्ते में उसकी पत्नी विस्मा महावत को प्रसव पीड़ा होने लगी। उसने बताया कि उन्होंने मध्यप्रदेश के पहाड़ी खेड़ा में लोगों से अस्पताल की जानकारी की थी, पता चला कि यह सुविधा पन्ना में या बांदा जिला के नरैनी में मिलेगी। तब उन्होंने नरैनी आने का फैसला लिया था। शुकरवली ने बताया कि कटरा कालिंजर तक पहुंचने में उसकी पत्नी का दर्द से हाल बेहाल हो गया था। बताया कि कटरा चौगलिया में डाक बंगला के सामने बस रुकवा ली।
सभी सवारियां नीचे उतर गयी थी। बस में परिवार की महिलाओं की मदद से विस्मा महावत ने बेटी को जन्म दिया है। पति ने बताया कि तेज वर्षा होने के कारण उन्होंने कटरा कालिंजर ग्राम प्रधान राजेन्द्र कुमार की मदद से अपना डेरा यही जमा लिया है। मौसम साफ होने पर सरकारी अस्पताल में पहुंचकर जच्चा बच्चा की जांच कराएंगे। बताया कि उनका परिवार जड़ी बूटी से दर्द निवारक तेल बनाकर बेचता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here