सपा की मासिक बैठक में जागरूकता अभियान पर हुई चर्चा

गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। असली गुरु वह होता है जिसका शिष्य गुरु से लंबी लकीर खींचे और होनहार पुत्र वह होता है जो अपने पिता की खींची लकीर से लंबी लकीर खींच दें। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ हमारे जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने इस लोकसभा चुनाव में यह बात सत्य करके दिखा दी है। यह बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद सिंह गोप ने जिला कार्यालय पर आयोजित पार्टी की मासिक बैठक में कही।
राष्ट्रीय सचिव ने कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी की स्थापना के बाद सबसे बड़ी जीत हासिल कर पार्टी को देश की तीसरे नंबर की पार्टी बनाने में अहम योगदान दिया है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जोश की बदौलत पार्टी ने यह कामयाबी हासिल की है। देशवासियों ने भाजपा को खारिज करते हुए एकता और भाईचारे को मजबूत करने का काम किया है।
बैठक को संबोधित करते हुए सदर विधायक धर्मराज उर्फ सुरेश यादव ने कहा कि देश और समाज में नफरत को बढ़ावा देने वाली मौजूदा सरकार को संघर्ष के साथ पीडीए को मजबूत करके हराया जा सकता है।
हम सबको एकजुट होकर गांव गांव जाकर जन समस्याओं के साथ भाजपा की काली करतूत को भी जनता तक पहुंचाना होगा। क्रांति दिवस से शुरू हो रहे पीडीए जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए गांव—गांव जाकर पार्टी की उपलब्धियां और भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करना होगा।
जिलाध्यक्ष कहा कि जागरूकता अभियान को मजबूती प्रदान करने के लिए सभी फ्रंट संगठनों सहित जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को पेपर लीक, समान कोर्स, फीस वृद्धि, रोजगार, आरक्षण, भ्रष्टाचार एवं आरक्षण में पारदर्शिता, मुफ्त पढ़ाई नए पुस्तकालय, विश्वविद्यालय, महाविद्यालय के निर्माण के लिए पुरजोर आवाज उठाना होगा।
इसी क्रम में पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह वर्मा ने कहा कि आम जनमानस को मजबूत करने के लिए सड़क से लेकर संसद तक का संघर्ष करना पड़े तो हम करेंगे। हम समाजवादी लोग इस जालिम जुल्मी सरकार से आम जनता को मुक्ति दिला कर ही दम लेंगे।
बैठक में पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, विधायक गौरव रावत, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, पूर्व विधायक राम मगन रावत, पूर्व विधायक रतन लाल राव, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह वर्मा, प्रदेश सचिव हुमायूं नईम खान, जिला महामंत्री हिमांशु यादव, जिला प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान, कोषाध्यक्ष प्रीतम सिंह वर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here