एम. अहमद
श्रावस्ती। रवीन्द्र कुमार राजेश्वरी, कमान्डेंट 62वीं वाहिनी मुख्यालय भिनगा के नेतृत्व में वाहिनी के सभागार कक्ष में एक दिवसीय हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस दौरान रविन्द्र राजेश्वरी, कमान्डेंट ने सभी प्रतिभागियों को कार्यशाला में भाग लेने और हिंदी भाषा के उचित प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदी भाषा भारत की राजभाषा है और इसका प्रयोग सभी सरकारी कार्यों में अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वाहिनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयी पत्राचार में हिन्दी भाषा के उचित एवं प्रभावी प्रयोग के बारे में जानकारी प्रदान करना था। कार्यशाला में मुख्य आरक्षी (मंत्रालयिक) नवीन के द्वारा विभिन्न प्रकार के कार्यालयी पत्रों, जैसे कि आदेश, परिपत्र, ज्ञापन, रिपोर्ट आदि के लेखन प्रारूप एवं शैलियों पर विस्तार से बताया गया।
इसके अतिरिक्त, कार्यशाला में हिंदी भाषा की वर्तनी, व्याकरण एवं विराम चिह्नों के प्रयोग पर भी ध्यान रखने के साथ कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रकार के कार्यालयी पत्रों का प्रारूप तैयार करने का अभ्यास भी किया। इस मौके पर श्री पीयूष सिन्हा, उप कमांडेंट, सहायक उप निरीक्षक इमरान सिद्दिकी, मुख्य आरक्षी विवेक शुक्ला, आरक्षी अभय कुमार, संचू तमांग अवं अन्य जवान उपस्थित रहे।