गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत ने किया।
अध्यक्ष ने अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में जनजागरूकता हेतु स्वास्थ विभाग की आशा बहुएं एवं नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। वाहनों पर बैनर, पोस्टर व फांगिग मशीन, नेपसेक पम्प से सुसज्जित वाहनों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर पालिका के प्रांगण में एक गोष्ठी के रूप में समाप्त हुई। यह अभियान मुख्यमंत्री का एक अति महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है जिसमें संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जनसमुदाय में जागरूकता लाने के लिए प्रदेश के सभी जनपदों में एक साथ यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त अपर व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, फाइलेरिया नियंत्रण अधिकारी, फाइलेरिया इन्सपेक्टर, सफाई निरीक्षक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।