जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी गणेश प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने महात्मा गांधी जी तथा शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस मौके पर जनककुमारी विद्यालय की छात्राओं ने राम धुन गाया।
मुख्य राजस्व अधिकारी गणेश प्रसाद, उपजिलाधिकारी डॉ० ज्ञान प्रकाश यादव, योगिता सिंह सहित अन्य ने गांधी एवं शास्त्री जी के जीवन परिचय के बारे में चर्चा किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए और जातिगत भेदभाव की दीवारों को मिटाते हुए ग्राम स्वरोजगार की परिकल्पना को सार्थक बनाने के उद्देश्य से साहसिक कार्य किया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए खादी वस्त्र स्टॉल का अवलोकन किया एवं खादी के वस्त्र भी खरीदे गये। तदोपरांत परिसर स्थित पार्क में पौधारोपण किया गया। उन्होंने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतिम दिवस पर अधिकारियों के साथ झाड़ू लगाकर सफाई कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया तथा सेवा पखवाड़ा का समापन किया।
जिलाधिकारी ने गांधी तिराहे पर महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पवन कुमार, कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
पखवाड़ा के प्रथम दिन सड़क सुरक्षा की दिलायी गयी शपथ
जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में 2 से 16 अक्टूबर के मध्य सड़क सुरक्षा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। उक्त के अनुपालन में सड़क सुरक्षा पखवाडा के प्रथम दिवस पर गांधी तिराहा पर जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा ने महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरान्त सड़क सुरक्षा की शपथ दिलायी। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ एवं दो पहिया वाहनों की रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त लोगों से अपील किया कि सड़क सुरक्षा का ध्यान रखते हुए ही वाहन का संचालन करें और सुरक्षित रहे। सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ एवं दो पहिया वाहन रैली गांधी तिराहा से कलेक्ट्रेट होते हुए रोडवेज परिसर से होते हुए जेसिस चौराहा, वाजिदपुर से बढते हुए पुलिस लाइन में समाप्त हुई।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी गणेश प्रसाद, सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्रनंदन सिंह, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी डॉ० ज्ञान प्रकाश, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र सिंह, सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अशोक श्रीवास्तव, टी0आई0 जी0डी0 शुक्ला, प्रदीप श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक कार्यालय वाराणसी, यातायात, पुलिस, परिवहन विभाग के सिपाही सहित अन्य उपस्थित रहे।