भाभा एटॉमिक सेन्टर में सहायक वैज्ञानिक बनीं पूजा

अजय जायसवाल
गोरखपुर। चौरीचौरा क्षेत्र के टेल्हनापार की एक सामान्य परिवार की बेटी पूजा चौधरी का चयन भाभा परमाणु अनुसंधान संस्थान मुम्बई में सहायक वैज्ञानिक के पद पर हुआ है। उसके चयन पर परिवार व क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
शनिवार को वह अपने स्कूल लेडी प्रसन्न कौर इंटर कॉलेज बसडीला में पहुंची तो प्रधानाचार्य डॉ दिनेश मणि त्रिपाठी ने पूजा को बधाई दी और स्मृति चिन्ह देकर उसको सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह स्कूल के लिए गर्व का विषय है कि इस स्कूल की छात्रा का चयन सहायक वैज्ञानिक के पद पर हुआ है। पूजा का प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही श्री संकट मोचन पूर्व माध्यमिक विद्यालय से शुरू हुआ।
कक्षा एक से 8 तक की पढ़ाई करने के बाद वह नौवीं में लेडी प्रसन्न कौर इंटर कॉलेज बसडीला में दाखिला कराया। 10वीं की पढ़ाई के बाद उसका राजकीय पॉलिटेक्निक गोरखपुर से 2020 में केमिकल इंजीनियरिंग से कोर्स पूरा करके ज्योतिबाफुले बाई रुहेलखंड यूनिवर्सिटी बरेली से 2023 में बी.टेक की पढ़ाई की।
इसके बाद नवंबर, 2023 में भाभा परमाणु अनुसंधान संस्थान से सहायक वैज्ञानिक पद पर नौकरी की परीक्षा दी। अप्रैल, 2024 में परीक्षा परिणाम में चयनित हुई। पूजा चौधरी ने साक्षात्कार भी पास किया और अब 18 सितम्बर को उसको दो वर्ष के प्रशिक्षण के लिए पत्र आ गया है। पूजा बड़े ही सामान्य परिवार की बेटी है। उसके पिता उमेश चौधरी राजगीर है।
उन्होंने बेटी की प्रतिभा को देखते हुए उन्होंने पढ़ाई कराई और उसने गांव, क्षेत्र व जिला का नाम रोशन किया है। उसके इस उपलब्धि पर श्री संकट मोचन पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रबन्धक अर्जुन प्रसाद उपाध्याय, प्रधानाचार्य जयशंकर उपाध्याय, शिक्षक विनोद यादव के अलावा विकास उपाध्याय, रामकृपाल यादव, पवन उपाध्याय सहित क्षेत्र के लोगों ने बधाई दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here