Jaunpur: गोमती किनारे चला विदुषी के सूरों का जादू

शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पर जहां गोमती घाट के तट पर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जा रहा था, वहीं भोजपुरी विकास मंच एवं छठ पूजा आयोजन समिति की ओर से भामा शाह नमामि गंगे गोमती घाट पर आयोजित छठ महोत्सव में उदीयमान गायिका विदुषी वर्मा ने राग जौनपुरी में मध्य ताल में निबद्ध छोटा ख्याल पायल बाजन लागी रे एवं द्रुत लय में ठुमक चाल चली अलबेली नार का गायन कर अपने गायन से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दे रही व्रती महिलाओं एवं उनके परिजनों को अपनी सधी हुई गायकी से बांधे रखा।
प्रातःकाल पुनः उदयाचल भगवान भास्कर को राग अहीर भैरव में विलंबित छोटा ख्याल, 3 ताल में निबद्ध अलबेला सजन आयो री तत्पश्चात द्रुत एक ताल में जोगी पुकारे से अर्घ्य अर्पित किया। तबला पर श्रीकांत मिश्रा, हारमोनियम पर प्रवीण सिंह एवं बांसुरी पर सुधीर गौतम ने मनमोहक संगति प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथिद्वय समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह, प्रो. आर.एन.त्रिपाठी, समाजसेवी अनुराग सिंह, राहुल सिंह व पप्पू माली ने विदुषी को अंगवस्त्रम, पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर तमाम विशिष्टजन एवं जिले के सभी गायक कलाकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक राजकुमार सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन अवनिंद्र तिवारी, दीपक सिंह व सलमान शेख ने संयुक्त रूप से किया।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur

ADVT 2024 Rambali Seth Abhushan Bhandar Jaunpur

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here