Jaunpur: बंगाल हादसे में जौनपुर सेना के जवान की हुई मौत

  • पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि के साथ दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

  • जवान का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही गमगीन हुआ समूचा गांव

  • गोमती तट पर देशभक्ति के नारों के बीच हुआ अंतिम संस्कार

अरविन्द यादव
केराकत, जौनपुर। बंगाल के सिलीगुड़ी में सड़क दुर्घटना में सेना के हवलदार राजेश यादव की मौत हो गई। उनका पार्थिक शरीर जब तिरंगे में लिपटे हुए जैसे ही शहाबुद्दीनपुर गांव में पहुंचा, समूचा गांव गमगीन हो उठा। पहले से ही हाथों में तिरंगा लेकर सेना के जवान राजेश यादव के पार्थिव शरीर को रिसीव करने के लिए सभी समुदाय के लोगों ने फूल—माला लेकर पार्थिक शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित किये। तत्पश्चात घर के पास बनाये गये मंच पर पार्थिव शरीर को रखा गया जहां परिजनों और ग्रामीणों ने दिवंगत सैनिक को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। मां भारती के लाल को देखने के लिए देखते ही देखते लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

गौरतलब हो कि शहाबुद्दीनपुर ग्राम प्रधान धन्नी लाल यादव के 5 संतानों में मृतक सेना के हवलदार राजेश यादव 35 वर्ष तीसरे नंबर पर थे। राजेश यादव वर्ष 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। वह एक उत्कृष्ट फुटबॉल खिलाड़ी थे। सेना की फुटबॉल टीम में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके थे। उनकी खेल-कला और कर्तव्यनिष्ठा ने उन्हें सहकर्मियों और गांववासियों के बीच खास पहचान दिलाई। राजेश यादव न केवल अपने परिवार बल्कि, पूरे गांव के लिए प्रेरणा थे। उनकी खेल उपलब्धियों और सेना में दी गई सेवाओं ने गांव का नाम रोशन किया। उनकी मृत्यु से क्षेत्र में एक कर्तव्यनिष्ठ सैनिक और प्रेरणादायक खिलाड़ी खो दिया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक जवान राजेश यादव अपनी पत्नी प्रियंका उर्फ गुड़िया 33 वर्ष व रियांश 5 वर्ष व अयांश 3 वर्ष के साथ सिलीगुड़ी में रहते थे। आने वाली 13 दिसम्बर को चचेरी बहन की शादी पड़ी थी जिसमें शामिल होने के लिए राजेश घर आने वाले थे। बता दें कि मृतक राजेश यादव समाजवादी पार्टी के नेता दिनेश यादव फौजी राष्ट्रीय महासचिव अखिल भारतीय यादव महासंघ के ममेरे भाई थे।
  • सेना के जवान का सिहौली गोमती नदी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

सेना के जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही अंतिम संस्कार के लिए गांव से निकला, पूरा वातावरण देशभक्ति के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। काफी संख्या में लोग फूल-माला और तिरंगे के साथ जुलूस की शक्ल में अंतिम संस्कार के लिये निकले। सेना के जवान का काफिला शहाबुद्दीनपुर से निकलकर सिहौली चौराहे से गुजरा तो रास्ते में खड़े लोगों ने सेना के जवान के पार्थिक शरीर पर पुष्प वर्षा की। धीरे-धीरे काफिला सिहौली गोमती नदी के तट पर स्थित मुक्ति धाम पहुंचा। यहां सेना के जवानों ने जवान के पार्थिक पर पुष्पांजलि के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद हिन्दू रीति-रिवाज के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि पिता धन्नी लाल यादव ने दी। इस मौके पर दिनेश यादव फौजी राष्ट्रीय महासचिव अखिल भारतीय यादव महासंघ, समाजवादी पार्टी सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कमलेश यादव, अनिल यादव फौजी, हवलदार यादव फौजी, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्रवण जायसवाल, सुभाष यादव, कमला यादव, हाकिम यादव, सुभाष यादव प्रधान, जिला पंचायत सदस्य जनता यादव, समाजवादी पार्टी केराकत विधानसभा अध्यक्ष नीरज यादव पहलवान, महामंत्री सुरेश यादव, उद्योगपति राजेश यादव, लखनऊ मेडिकल कॉलेज के पूर्व चांसलर मदन भट्ट सहित तमाम जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, प्रधान, समाजसेवी, राजनीतिज्ञ, अधिवक्ता आदि उपस्थित रहे।
  • मां ने अपने बेटे को जय हिन्द कहा, फिर माथा चूम कर किया दुलार

सेना के जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही पैतृक निवास शहाबुद्दीनपुर गांव पहुंचा तो माता मालती देवी ने अपने पुत्र को पहले जय हिंद कहा, फिर माथा चूम कर दुलार किया। बाद में अर्थी को परिवार सहित कंधा देकर भारत माता की जय के नारे लगाते हुए अंतिम विदाई भी दिया। सोमवार को सेना के जवान राजेश यादव के घर पर इस मार्मिक दृश्य से हर किसी की आंख में आंसू ला दिया।
  • पत्नी ने पति के पार्थिक शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करके किया सलाम

मृतक सेना के जवान की पत्नी प्रियंका उर्फ गुड़िया का जहां रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं उसने इस घड़ी पर हौंसले का परिचय भी दिया। अपने पति की पार्थिक शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर सलाम किया। वहीं आंखों से आंसू दो दिन से लगातार थम नहीं रहे हैं। वह दहाड़ें मारकर रोती जा रही है। गांव की महिलाएं व युवतियां समझाने का प्रयास कर रही हैं कि उसकी तबियत खराब हो जायेगी लेकिन वह अपने पति को जेहन से नहीं हटा पा रही है। अपने दोनों बच्चों को अनाथ होते देख रोते—बिलखते बेहोश हो जा रही है।
  • भूतपूर्व सैनिकों ने साथी जवान को दी श्रद्धाजंलि

सिलीगुड़ी सड़क दुर्घटना में हुई मौत की खबर जैसे ही भूतपूर्व सैनिकों को हुई तो साथी जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करने शहाबुद्दीनपुर गांव पहुंच गए। इस दौरान मृतक साथी जवान के पार्थिक शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए परिवार को सांत्वना देकर हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कमलेश यादव, दिनेश यादव, सुभाष यादव, अनिल यादव, हवलदार यादव, जय प्रकाश शुक्ला, केके दुबे, आरएस यादव समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here