-
राष्ट्रीय अधिवेशन में भारत के रक्षा मंत्री भी कर सकते हैं शिरकत
अनिल कश्यप
हापुड़। राष्ट्रीय सैनिक संस्था जिला इकाई हापुड़ के तत्वावधान में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की महिला बिग्रेड की अध्यक्ष सुमन त्यागी के नेतृत्व में बैठक का आयोजन हुआ जहां संस्था के प्रदेश प्रवक्ता व हापुड़ के जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र त्यागी ने बताया कि 21 दिसंबर को सहिबाबाद में राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल टी०पी० त्यागी (वीर चक्र) के नेतृत्व में राष्ट्रीय सैनिक संस्था का 17वां राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है। मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह होंगे।
पावन चिंतन धारा के संस्थापक डा. गुरु पवन सिन्हा आन्ध्र प्रदेश सरकार, स्कोडा ग्रुप व लोहिया ग्रुप के सलाहकार राजन छिब्बर, क्लाइड ग्रुप आफ होटल्स के अध्यक्ष विजय कपूर, आर्डनेन्स कॉर्प्स के पूर्व प्रभागीय अधिकारी मेजर जनरल मोहन लाल कपूर और तिरकित थाईलैंड के पूर्व मंत्री पद्मश्री डा. चिरपत बतौर विशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व शांति केन्द्र व अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक आचार्य डा. लोकेश मुनि व संचालन राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय सचिव गौरव सेनानी राजेन्द्र बगासी करेंगे। जिला सचिव मुकेश प्रजापति ने बताया कि 20 प्रदेशों से राष्ट्रीय सैनिक संस्था के 5 सौ से अधिक शीर्ष पदाधिकारी राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने जा रहे हैं।
मुकेश त्यागी ने कहा कि देश की वर्तमान स्थिति में युवाओं को प्रारंभिक सैनिक प्रशिक्षण देने का काम राष्ट्रीय सैनिक संस्था कर रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की महिला बिग्रेड की अध्यक्ष सुमन त्यागी ने बताया कि राष्ट्रीय सैनिक संस्था जैसा चौबीस वर्षो पुराना, पंजीकृत, अराजनैतिक, धवल चरित्र और निष्कलंक दूसरा कोई संगठन नहीं है जिसमें पूर्व सैनिक, संत, किसान और देशभक्त शामिल हों।
महिला ब्रिगेड की जिलाध्यक्ष मोनिका त्यागी ने बताया कि इस अधिवेशन का केन्द्र बिंदु राष्ट्रीय एकीकरण में शहीदों का योगदान होगा। युवा कमांड के जिलाध्यक्ष तरुण ध्यानी ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में हापुड़ से 31 पदाधिकारियों का दल सहिबाबाद राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेगा।
प्रदेश प्रवक्ता व हापुड़ के जिला ज्ञानेंद्र त्यागी ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शिरकत कर सकते हैं। फिलहाल उनकी स्वीकृति अपेक्षित है। बैठक में जिला संरक्षक शशांक मुनि त्यागी, जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, जिला सूचना प्रसारण मंत्री श्याम वर्मा, तहसील अध्यक्ष सतबीर प्रधान, पूर्व जिला सचिव विजय वर्मा, जिला कार्यालय अधीक्षक दिपिका त्यागी व राकुमार वर्मा मौजूद रहे।