रविन्द्र कुमार
उरई, जालौन। अगर संविधान और लोकतंत्र को बचाना है, तो पीडीए को मजबूत बनाना होगा। यह बातें समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उरई में आयोजित पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के लोगों ने भाजपा को सबक सिखाने का काम किया है।
श्री पाल ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने संविधान के सिद्धांतों को कमजोर करने की कोशिश की है। वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान और लोकतंत्र बचाने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने जातीय जनगणना कराने और सभी वर्गों को उनका हक दिलाने का वादा किया।उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों और उच्च पदों पर उनके नेताओं के भाई-भतीजे काबिज हैं, जबकि पिछड़ा और दलित वर्ग हाशिये पर है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को समझाएं कि संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। अगर इसे नहीं बचाया गया, तो पीडीए के लोग भी नहीं बचेंगे।
कार्यक्रम में सपा जिला अध्यक्ष दीप राज गुर्जर ने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। बुंदेलखंड प्रभारी समरथ पाल ने कहा कि भाजपा जातीय जनगणना और संविधान सुरक्षा की मांग से घबराई हुई है।
पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा बोले— संविधान बचाने की लड़ाई सपा के बिना सम्भव नहीं
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी ने उठाई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में जातीय जनगणना और शिक्षा-रोजगार की लड़ाई लड़ी जा रही है।उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि उनकी नीतियां मनुस्मृति आधारित हैं, जो समाज को बांटने का काम करती हैं। सपा संविधान आधारित नीतियों के जरिए सभी वर्गों को जोड़ने का काम कर रही है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि अब समय आ गया है कि सपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर प्रदेश में विकास की नई लहर लाएं। इस मौके पर सपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधन दिया। उपस्थित नेताओं में पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय, पूर्व विधायक दयाशंकर वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव, प्रदीप दीक्षित, चंदवती वर्मा, सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।