शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। तहसील सभागार कर्वी में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में किया गया। जिसमें अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर सम्बन्धितों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन व पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह फरियादियों द्वारा प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों पर सम्बन्धित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के अंदर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस कर्वी में कुल 66 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
जिसमें से दो प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने भूमि संबंधी मामलों पर राजस्व, चकबंदी एवं पुलिस को संयुक्त टीम को बनाकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने विभागों से संबंधित शिकायतों को शासन के मंशानुरूप समयबद्ध व गुणवत्तापरक निस्तारण कराएं।
समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी कर्वी पूजा साहू, जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कर्वी लालजी यादव, नायब तहसीलदार कर्वी मंगल सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई गुरु प्रसाद सहित तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इसी प्रकार राजापुर में उपजिलाधिकारी आलोक सिंह व नायब तहसीलदार मनोज सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में प्राप्त 46 प्रार्थना पत्रों में पांच का निस्तारण का मौके पर किया गया।