आगरा। नारी शक्ति को समर्पित सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था की प्रदेश संयोजक कवयित्री एवं साहित्यकार डॉ दीप्ति दीप ने आदर्श महान शिक्षिका सावित्री बाई फुले की जयंती सप्ताह पर देश में शिक्षा की ज्योती जला रही शिक्षिकाओं को सावित्री बाई फुले सम्मान से सम्मानित किया।
जिला फिरोजाबाद, आगरा, कासगंज आदि की प्रधान शिक्षिका इंदु गौतम, रेनू शर्मा, शशि यादव, श्रीवंती देवी आदि को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जितेन्द्र रमन ने सावित्री बाई फुले को एक क्रांतिकारी शिक्षिका एवं नारी अस्मिता की पुरोधा बताते हुए उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला।
संस्था के संस्थापक डा राहुल वर्मा का संदेश पढ़कर सुनाया गया जिसमें उन्होंने नारियों की शिक्षा पर बल देते हुए सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को सावित्री बाई फुले के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। डा दीप्ति दीप ने नारी शिक्षा एवं सशक्तिकरण पर अनेक रचनाएं सुनाकर कार्यक्रम को सरस बनाया। इस अवसर पर तमाम लोग उपस्थित रहे।