रूपा गोयल
जसपुरा, बांदा। बुधवार को ब्लाक जसपुरा में कृषि निवेश मेला और किसान गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि महेश निषाद ने की जहां किसानों को कृषि से जुड़ी कई अहम जानकारियां प्रदान की गईं। फार्म मार्स रजिस्ट्रेशन पर जानकारी कार्यक्रम में मनोज गौतम ने किसानों को फार्म मार्स रजिस्ट्रेशन की समुचित जानकारी देते हुये उन्होंने इसके महत्व और पंजीकरण प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
वैज्ञानिकों ने बताया कि उर्वरकों का सही उपयोग कृषि विज्ञान केंद्र बांदा की वैज्ञानिक डा. प्रज्ञा ओझा ने जल संरक्षण और खेतों में उर्वरकों के सही उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को बताया कि सही तकनीकों का इस्तेमाल कर वे बेहतर फसल उत्पादन कर सकते हैं। बुद्धराज एडीओ एजी बांदा, ने प्राकृतिक खेती के तरीकों पर विस्तृत जानकारी देते हुये किसानों को बताया कि प्राकृतिक खेती से न केवल लागत कम होती है, बल्कि यह पर्यावरण और मिट्टी की उर्वरता के लिए भी लाभकारी है।
खंड विकास अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह यादव ने किसानों को फैमिली कार्ड की उपयोगिता और इसे प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। राजकीय कृषि बीज भंडार प्रभारी वीर बहादुर सिंह ने किसान पारदर्शी योजना, पीएम कुसुम योजना, फार्म मशीनरी और बैंकिंग सुविधाओं से संबंधित जानकारी देते हुये बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से किसान आधुनिक कृषि तकनीकों और उपकरणों का लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे जिन्होंने अधिकारियों व विशेषज्ञों से अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। इस आयोजन से किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।