अश्वनी सैनी
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में युवक का शव गुरुवार सुबह घर के बगल में स्थित तालाब में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
युवक के देर रात लघुशंका के दौरान तालाब में गिरने से मौत के कयास लगाए जा रहे हैं। सलेमपुर गांव निवासी गणेश प्रजापति (42) पुत्र स्व. शिवपाल राज मिस्त्री का काम करता था। उसकी नशे की लत के चलते पत्नी सुलेखा से उसकी नहीं बनती थी। जिसके चलते वह बेटे रितेश के साथ कई वर्षों से अपने मायके कानपुर के लक्ष्मीपुरवा में रह रही थी। गणेश यहां अकेला रहता था। गुरुवार सुबह पड़ोस में रहने वाले बड़े भाई संतोष ने उसका शव घर के बगल में स्थित तालाब में पड़ा देखा तो उसके होश उड़ गए।
उसने इसकी जानकारी प्रधान और पुलिस दी। जानकारी मिलते ही मगरवारा चौकी प्रभारी अरुण उपाध्याय मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम बुलवा कर सुरागकशी की गई। बाद इसके पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौकी प्रभारी के मुताबिक मृतक नशे का लती था। देर रात नशे की हालत में लघुशंका के दौरान उसके तालाब में गिरने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की सही वजह पता चलेगी।