आरएल पाण्डेय/सन्दीप पाण्डेय
लखनऊ। हिंदी रचनाकार समूह के द्वारा यूपी प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में देहरी पुस्तक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हिंदी सेवा संस्थान की पूर्व प्रधान संपादिका अल्का प्रमोद और विशिष्ट अतिथि भाषा सलाहकार डॉ. संतलाल, डॉ. नमिता सुंदर सचान, सुषमा सौम्य व साहित्यकार डॉ. संजय सागर मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी सेवा संस्थान की प्रधान संपादिका अमिता दूबे ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. अल्का प्रमोद ने पुस्तक में लिखी गई कविताओं को पढ़ने के बाद बताया कि पुस्तक में पारिवारिक और सामाजिक दायित्व को निर्वाह करने की जो सीमा अप्रत्यक्ष रूप से देहरी के रूप स्थापित की जाती है उसका चित्रण शब्दों के माध्यम से किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं हिंदी सेवा संस्थान की प्रधान संपादिका अमिता दूबे ने पुस्तक का विमोचन करते हुए कहा कि लेखिका ने शब्दों के माध्यम से कविताओं कि श्रृंखला तैयार की है। यह पुस्तक इस बात को प्रमाणित करता है कि भारतीय संस्कृति में परिवार और समाज के लोगों के दायित्व को किस प्रकार से निर्धारित किया जाता है और जिसका पालन निष्ठा के साथ सभी करते हैं।
पुस्तक में कविताओं के माध्यम से पारिवारिक जिम्मेदारियां को निभाने वाले रिश्तो को भी दर्शाया गया है जो इस बात का प्रमाण है की पुस्तक कितनी गहराई से लेखिका ने लिखी है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. संतलाल और डॉ. संजय सागर ने लेखिका को बधाई दी और आगे इसी प्रकार लिखने की प्रेरणा दी। लेखिका पुष्पा श्रीवास्तव शैली ने सभी अतिथियों को धन्यवाद व्यक्त किया और इस बात का विश्वास दिलाया कि वह हमेशा सामाजिक, ग्रामीण और पारिवारिक परंपराओं पर लिखती आई हैं और आगे भी लिखती रहेगी। कार्यक्रम में आए हुए अतिथि साहित्यकार रश्मि लहर, सुष्मिता, डॉ. सीमा उपमा आर्य, दीनबंधु, कल्पना अवस्थी, राकेश कुमार श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, इंदुमती, गौरव, अवधेश कुमार, अवंतिका, अमरेश, अभिमन्यु सिंह, गुलाम मुर्तजा, आकाश कुमार सहित साहित्यकार उपस्थित रहे। सभी ने लेखिका को पुस्तक विमोचन के लिए शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के आयोजन हिंदी रचनाकार समूह के संचालक पंकज गुप्ता व अभिमन्यु सिंह ने लेखिका को बधाई दी और आए हुए अतिथियों को धन्यवाद दिया और उन्होंने आश्वासन दिया कि समूह के द्वारा साहित्यकारों को ऐसे ही सहयोग दिया जाता रहेगा। पुस्तक की लेखिका पुष्पा श्रीवास्तव शैली मूल रूप से रायबरेली जिले की निवासिनी है।