रविन्द्र कुमार
उरई (जालौन)। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश दिवस-2025 पर उन्होंने वर्चुअल संबोधित किया जिसका सजीव प्रसारण प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग उ०प्र० संजय सिंह गंगवार, गौसेवा आयोग अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, विधायक कालपी विनोद चतुर्वेदी, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी, किसान, उद्यमियों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में सजीव प्रसारण देखा।
जनपद में उत्तर प्रदेश दिवस-2025 का आयोजन भव्यता और उत्साह के साथ किया गया। इस मौके पर प्रदेश की प्रगति, संस्कृति और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री ने दीप प्रज्वलन करके किया। उत्तर प्रदेश दिवस पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों ने प्रदेश की उपलब्धियों और योजनाओं को प्रदर्शित किया।
प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, “इन स्टालों के माध्यम से प्रदेश की प्रगति और विकास के सफर को समझने का एक शानदार अवसर मिला है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ जहां छात्र-छात्राओं द्वारा लोक नृत्य, गायन, नाटकों की प्रस्तुति की गई।
प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने उत्तर प्रदेश की प्रगति और सरकार की योजनाओं पर चर्चा करते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ विकास की दृष्टि से भी अग्रणी है। प्रदेश सरकार ने पिछले वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है।
उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य हर नागरिक को सशक्त बनाना और प्रदेश को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। इस दिशा में सरकार की योजनाएँ जनता के सहयोग से सफल हो रही हैं।
उ०प्र० गौ सेवा आयोग अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि गौ आधारित प्राकृतिक खेती, सबको जीने के लिए शुद्ध हवा, पानी, भोजन चाहिए। इसके लिये देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड को गौ आधारित प्राकृतिक खेती और मिलेट्स का हब बनाने का निर्णय लिया है।
किसान को गौ आधारित खेती करे, प्रधानमंत्री ने किसान को गौ आधारित खेती करने का लक्ष्य रखा है और जब उत्तर प्रदेश का किसान गौ आधारित खेती करेगा तो हर किसान को गाय चाहिए। आज उ०प्र० में गौ संरक्षण का कार्य चल रहा है जिसमें गौवंश संरक्षित है। अब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जो लक्ष्य है कि जिसके पास एक गाय होगी, उसके नीचे पक्का केटल सेट बनेगा।
प्रभारी मंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यमी, पुलिस और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किये। साथ ही कहा कि हमारे प्रदेश में प्रतिभा और समर्पण की कोई कमी नहीं है।
हमें इन उपलब्धियों पर गर्व है और ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करते रहना चाहिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र श्रीवास, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद्र मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० एन०डी० शर्मा सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।