-
जैपुरिया स्कूल्स बनारस पड़ाव कैंपस में 76वां गणतन्त्र दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मना
-
द गुरुकुलम स्कूल में उत्साहपूर्वक गणतंत्र दिवस प्रधानाचार्या प्रियंका मुखर्जी ने फहराया तिरंगा
-
सनबीम स्कूल मुगलसराय में गणतंत्र दिवस पर बच्चों ने किये संदेशात्मक कार्यक्रम
दीपक कुमार
मुगलसराय, चदौली। सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस पड़ाव कैंपस में ७६वें गणतन्त्र दिवस का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में समस्त विद्यालय परिवार ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और देश के अमर सपूतों की कुर्बानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन समर्पित किया।

उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी वृंद के स्वागत के साथ किया गया। इसी क्रम में सभी पदाधिकारी वृंद द्वारा ध्वजारोहण कर तिरंगे गुब्बारों को हवा में छोड़े गये ये ऊँचाईयों को छूते गुब्बारे हमारे देश के उन्नति और उत्कर्ष के प्रतीक है। बच्चों ने मार्चपास द्वारा झंडे को सलामी दी और देश के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इसी क्रम में कक्षा छठवीं से आठवीं के बच्चों ने मनोरम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति ने सम्पूर्ण विद्यालय प्रांगण को करतल ध्वनी से गुंजायमान कर दिया। वहीं कक्षा तीसरी से पाचवीं तक के बच्चों ने भी ओजपूर्ण भाव से भरे समूह नृत्य की विहंगम प्रस्तुति देकर सभी को मोहित किया। कक्षा छठवीं से आठवीं के बच्चों ने के बच्चों ने समूह गीत के माध्यम से शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किया और जैपुरियन बैंड समूह के बच्चों ने वाद्य यंत्रों पर सप्त सुरों की मधुरिमा में सभी के मन को झंकृत किया।
इस मौके पर कक्षा आठवीं के अर्नव अशेष ने भूषण जी की ओजस्वी कविता का पाठ कर सभी श्रोताओं को आकर्षित किया। इसी क्रम में प्री प्राइमरी विंग के नन्हे बच्चों ने संस्कृत श्लोक की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर दर्शक दीर्घा को मोहित किया।
इस मौके पर विद्यालय के चेयरमैन दीपक बजाज ने अपने उद्बोधन में कहा कि वास्तव में हमारे युवा मस्तिष्क के आत्मविश्वास के बल पर ही भावी भारत का निर्माण हो रहा है।
युवाओं के मनो-मस्तिष्क को संवारने का कार्य हमारे शिक्षकगण करते हैं जो सही अर्थों में राष्ट्र का भविष्य बनाते हैं। मैं सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करता हूँ जिनके कन्धों पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी है। प्रबंध निदेशक मनोज बजाज जी ने सभी को गणतन्त्र दिवस कि बधाई देते हुए कहा कि भारत को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है, क्योंकि विविधताओं वाले भारत राष्ट्र में इतनी एकता है कि सामाजिक सद्भावना के साथ यहाँ हर विचारधारा का सम्मान होता है। भारत ऐसा राष्ट्र है जिसकी ममता के आँगन में सकल जगत का कल्याण हुआ है, हमें गर्व होना चाहिए कि हम भारत के वासी हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक मनोज बजाज, कार्यकारी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, निदेशिका मंजु बुधिया, प्रधानाचार्य आशीष सक्सेना, शिक्षकगण एवं बच्चों की उपस्थिति रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष सक्सेना ने दिया। संचालन कक्षा नौवीं की छात्रा आरुषी बजाज एवं अदीना ने संयुक्त रूप से किया।
इसी क्रम में संस्कार भारती द्वारा भारत माता पूजनोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ। संस्कार भारती जिला चंदौली के तत्वावधान में “भारत माता पूजनोत्सव कार्यक्रम” का आयोजन शिव मंदिर
कैलाशपुरी, दीनदयाल नगर के प्रांगण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के तैलचित्र पर जिलाध्यक्ष एवं काशी प्रांत के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। तत्पश्चात् भारत माता की जय के उदघोष के साथ “भारत माता की आरती” की गई।
कार्यक्रम में डा. अनिल यादव के निर्देशन में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति एवं भारतीय संविधान पर चर्चा भारत माता की जय घोष के साथ की गई। इसके क्रमशः लोगों ने अपने विचार व्यक्त किये जिसमें सतीश जिंदल, ओम प्रकाश जिंदल, सुधीर भास्कर पांडेय, अनिता कुशवाहा, शरद चन्द्र मिश्रा, स्थानीय वार्ड की प्रथम महिला सभासद निधि तिवारी, धनंजय सिंह, सुनील कुमार, डा. मनोज सिंह रहे। अंत में वन्देमातरम् गाकर कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष संजय राय ने किया।
द गुरुकुलम स्कूल में देश देश भक्ति व राष्ट्र प्रेम के भाव के साथ उत्साहपूर्वक देश का 76वां गणतंत्र दिवस मनाया गया जहां पूरे स्कूल परिसर को तिरंगे रंग के गुब्बारे, लाइटों व उपकरणों से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रियंका मुखर्जी ने ध्वजारोहण के साथ किया। अपने उद्बोधन के दौरान कहा कि “गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान और लोकतंत्र की गौरवशाली यात्रा का उत्सव है।
हमें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझने की आवश्यकता है। आज का दिन हमें यह याद दिलाता है कि हम सभी, चाहे विद्यार्थी हों, शिक्षक हों या अभिभावक, इस देश के भविष्य निर्माण में समान रूप से जिम्मेदार हैं।”
वही विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “आप हमारे राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। आपकी मेहनत, समर्पण और ईमानदारी ही इस देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
देशभक्ति का अर्थ केवल राष्ट्रगान गाना या झंडा फहराना नहीं है, बल्कि अपने कार्यों और विचारों के माध्यम से देश के प्रति समर्पण दिखाना है।” अंत में उन्होंने सभी से अपील किया कि वे देश के संविधान के प्रति सम्मान रखें, आपसी सौहार्द बनाए रखें और एकता में शक्ति का महत्व समझें। इस दौरान विद्यालय के छात्रों एवं अध्यापकों व कर्मचारियों को देश की आन-बान-शान की रक्षा का संकल्प दिलाया। छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत करके सभी का मन मोह लिया। इस दौरान बंद बजे की धुन पर परेड निकाली गई।
इसके बाद छात्र-छात्राओं ने अनेकता में एकता का परिचय देते हुए पंजाब के भांगड़ा राजस्थान के घूमर और महाराष्ट्र के लावणी जैसे पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी। छोटे बच्चों ने भारत के संविधान निर्माताओं को समर्पित एक नाट्य (संविधान रक्षक) प्रस्तुति दी। डा. भीम राव अंबेडकर और जवाहर लाल नेहरू के योगदान को दर्शाया गया। नाटक ने यह संदेश दिया कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि हमारे जीवन की मार्गदर्शिका है।
इसके बाद कक्षा 11वीं की छात्रा अर्पिता ने देशभक्ति पर आधारित कविता और भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में योग और आत्मरक्षा पर आधारित मार्शल आर्ट तकनीक का प्रदर्शन किया गया। छात्र -छात्राओं ने भारतीय योग परंपरा और फिटनेस की अहमियत को प्रदर्शित किया।विद्यालय की समन्वयक मृदुला राय ने सभी छात्रों, शिक्षको और अभिभावकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हमारे छात्रों में राष्ट्रीयता, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने में सहायक है।
कार्यक्रम का संचालन दृष्टि, अर्पिता, आराध्या व राजवीर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर गुरुकुलम परिवार के सभी छात्र छात्राएं, शिक्षक व सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में सनबीम स्कूल मुगलसराय में गणतंत्र दिवस मनाया गया। NCC व SCOUT के बच्चों ने झंडे को दी सलामी। परेड का किया प्रदर्शन। सनबीम स्कूल मुगलसराय में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न। दुल्हीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय के वृहत, हरित प्रांगण में दिन रविवार को 76वें गणतंत्र दिवस का आयोजन देशभक्ति पूर्ण माहौल में बड़े धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कर्नल अमर सिंह व स्कूल की प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी ने ध्वज फहराकर और राष्ट्रगान के साथ किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, 91 यूपी बटालियन एनसीसी, मुगलसराय के कमान अधिकारी व विशिष्ट सेना मेडल से सम्मानित कर्नल अमर सिंह ने एनसीसी कैडेटों की प्रभावशाली परेड की सलामी ली और छात्रों को अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने अपने संबोधन में एनसीसी और स्काउट को युवाओं का सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण संगठन बताया जो युवाओं में देशभक्ति, नैतिक मूल्य और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करता है। अपने प्रेरक सम्बोधन में छात्रों से कहा कि “आप सभी विद्यार्थी देश के स्वर्णिम भविष्य हैं और आपके ही कंधों पर इसे प्रगति के पथ पर ले जाने की जिम्मेदारी भी है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत एक से बढ़कर एक देशभक्ति कार्यक्रम संपन्न हुए जिसमें “मोको कहां तू ढूंढे बंदे मैं तो तेरे पास” के माध्यम से बच्चों ने एक देशभक्ति व सामाजिक संदेश दिया तथा “एलिस एंड द रैबिट” लघु नाटिका द्वारा गणतंत्र और लोकतंत्र का अंतर बड़े सहज तरीके से प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी ने अपने संबोधन में संविधान के महत्व और नागरिकों के कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और संविधान में निहित मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के उप प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान की आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने संविधान में निहित समानता, न्याय और स्वतंत्रता के अधिकारों को रेखांकित करते हुए कहा कि यही सिद्धांत हमारे देश को एक सशक्त और न्यायपूर्ण राष्ट्र बनाते हैं। कार्यक्रम में 91 यूपी बटालियन के सूबेदार मेजर तेज गुरुंग, राजेश सिन्हा, सुनील राय, सीटीओ सचिन सिंह यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और गणमान्य अतिथिगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्लेटफॉर्म तीन नंबर स्थित आरपीएफ पोस्ट कार्यालय पर आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप रावत ने ध्वजारोहण किया जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम हुये जिसके बाद लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गयीं।








