-
धार्मिक स्थल का करेंगे पद यात्रा
सचिन चौरसिया
ऊंचाहार, रायबरेली। गौ प्रतिष्ठा के लिए ऊंचाहार के दो युवा धार्मिक यात्रा पर शुक्रवार को पैदल निकलेंगे। यह पदयात्री करीब 300 किलोमीटर का सफर तय करेंगे।
ऊंचाहार से पैदल चलकर संगम में स्नान करने के साथ वहां से जल लेकर काशी में बाबा विश्वनाथ में जलाभिषेक करेंगे। पत्रकारों का सम्मान समारोह का आयोजन कर जानकारी दी है। ऊंचाहार के सवैया मीरा गांव निवासी रघुराज प्रताप सिंह उर्फ सुनील गौ सेवक हैं। उन्होंने अपने निजी खर्चे पर एक बड़ी गौशाला भी गांव में बना रखी है।
उनके साथ ऊंचाहार नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सुशीला मौर्य के बेटे अंकित मौर्य भी गौ सेवा में लगे हुए हैं। दोनों युवा गौ प्रतिष्ठा के लिए काम कर रहे हैं। गुरुवार को नगर के एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में सुनील सिंह ने पहले पत्रकारों को फूल माला पहनाने के साथ अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
उसके बाद उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह वह अंकित के साथ अपने गौशाला से पदयात्रा को शुरू करेंगे और संगम पहुंचकर वहां पर महाकुंभ के अवसर पर स्नान करेंगे तथा संगम से जल लेकर पदयात्रा करते हुए काशी बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे और वहां पर जलाभिषेक के साथ उनकी यात्रा का समापन होगा। उन्होंने कहा कि देश का हर व्यक्ति गौ सेवा एवं गौ रक्षा का संकल्प लें।
गौ माता भारतीय संस्कृति की प्रतीक है। हमें गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हर संभव प्रयास करना होगा। वार्ता में पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजा जितेंद्र बहादुर सिंह ने युवाओं के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि धर्म के मार्ग पर सनातन परम्परा का पालन करने के लिए दोनों युवाओं का संकल्प सभी के लिए प्रेरणादायक है।
इस मौके पर ऊंचाहार प्रधान संघ अध्यक्ष धनराज यादव, पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह चुन्नू, उद्यान मंत्री के प्रतिनिधि कनक बिहारी सिंह, खोजनपुर गांव के प्रधान प्रतिनिधि सुधीर गुप्ता, सूरज मौर्य सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि व समाजसेवी मौजूद रहे।








