Jaunpur News: पीएम श्री कम्पोजिट स्कूल बिथार के बच्चों को ऐतिहासिकता के साथ उच्च शिक्षा संस्थानों का भी मिला अनुभव

धर्मापुर, जौनपुर। पीएम श्री कम्पोजिट स्कूल बिथार के प्रतिभाशाली बच्चों के एक समूह को राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत एक्सपोजर विजिट में ऐतिहासिक शाही किला और पूर्वांचल विश्वविद्यालय की यात्रा करायी गयी।
इस शैक्षिक यात्रा का उद्देश्य बच्चों को ऐतिहासिक तथ्यों के साथ विश्वविद्यालय तथा चिकित्सा क्षेत्र के बारे में रोचक जानकारियों से अवगत कराना था। बच्चों को चिकित्सा शिक्षा और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के जीवन का अनुभव भी कराया गया।
धर्मापुर विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारी राजेश वैश्य ने विद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर विजिट के लिए जा रही बस को रवाना किया। सर्वप्रथम बच्चे पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे जिन्होंने विश्वविद्यालय के रसायन, भौतिक विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक एण्ड कम्युनिकेशन सहित विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं और विवेकानंद केन्द्रीय पुस्तकालय का अवलोकन किया।
उन्हें विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों और अनुसंधान गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। विवि के प्राध्यापकों ने बच्चों को उच्च शिक्षा के महत्व और भविष्य में करियर के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया। बच्चों ने ज्योतिबा फुले छात्रावास के मेस में भोजन का अनुभव भी प्राप्त किया।
इसी क्रम में आगे बच्चों ने उमानाथ सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज का भी दौरा किया जिन्होंने वहां के विभिन्न विभागों, ऑपरेशन थिएटर आदि का अवलोकन किया। उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में करियर के अवसरों और डॉक्टरों और नर्सों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने मानव शरीर, चिकित्सा उपकरणों और प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
तत्पश्चात बच्चों ने शर्की बादशाह फिरोज शाह तुगलक द्वारा बनवाए गए शाही किला का दौरा किया। किले की भव्यता और ऐतिहासिक महत्व ने बच्चों को आश्चर्यचकित कर दिया। उन्हें किले की वास्तुकला, इतिहास और महत्वपूर्ण घटनाओं के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने किले के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करते हुये इतिहास के बारे में रोचक तथ्य जाना।
विजिट में एआरपी महेंद्र यादव, उमेश मिश्रा, आनंद यादव, अखिलेश यादव, सरोज गौतम, दीपा सिंह एवं एकता सिंह भी साथ रहीं। साथ गयीं प्रभारी प्रधानाध्यापिका विद्योत्तमा उपाध्याय ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान आविष्कार प्रतियोगिता में चयनित कुल 51 बच्चों ने इसमें प्रतिभाग किया। एक्सपोजर विजिट ने बच्चों के ज्ञान और दृष्टिकोण को विस्तृत किया।
उन्होंने इतिहास और उच्च शिक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस यात्रा ने बच्चों को प्रेरित किया और उन्हें अपने भविष्य के लक्ष्यों को निर्धारित करने में मदद किया। इस तरह की यात्राएं बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यह एक्सपोजर विजिट पीएम श्री कम्पोजिट स्कूल के बच्चों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur