जीव जन्तु कल्याण दिवस पर पशुओं के संरक्षण एवं सामाजिक न्याय पर दिया गया जोर

अतुल राय
वाराणसी। हरहुआ ब्लाक सभागार में रविवार को अपर निदेशक वाराणसी मंडल डॉ0 राजेश सिंह की अध्यक्षता एवं पशुपालन विभाग मुख्यालय लखनऊ के नामित नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक डॉ0 संजय श्रीवास्तव की उपस्थिति में जीव जंतु कल्याण पखवाड़ा एवं जीव जंतु कल्याण दिवस पर गोष्ठी का आयोजन सम्पन्न हुआ।
गोष्ठी में वाराणसी मंडल के जनपद चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर एवं वाराणसी के पशु चिकित्सा अधिकारि व पशुधन प्रसार अधिकारी ने प्रतिभाग़ किया। मुख्य अतिथि डॉ0 संजय श्रीवास्तव ने कहा कि जीव जंतु कल्याण बोर्ड बल्लभगढ़ हरियाणा के प्रोटोकॉल के अनुसार निराश्रित पशुओं को गोद लेने के लिए अभियान चलाना, सड़क किनारे बीमार एवं घायल पशुओं के चिकित्सा सुनिश्चित किया जाय।
प्रारंभिक पशु चिकित्सा के बारे में स्कूलों में सेमिनार आयोजित कर पशु कल्याण हेतु आम जनमानस को भी संवेदनशील बनाना, पशु कल्याण कानून के बारे में जन जागरूकता एवं ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के दुष्प्रभाव से जागरूकता, पशु पक्षियों को भोजन और पानी उपलब्ध कराना, गोष्ठी एवं बैठक के माध्यम से प्लास्टिक बैग इस्तेमाल पर रोक, गौशाला कर्मियों के लिए कार्यशाला का आयोजन, विभिन्न स्तरों पर निराश्रित एवं पालतू पशुओं के टीकाकरण के लिए एवं एंटी रेबीज टीकाकरण हेतु कैंप का आयोजन, बेसहारा कुत्तों को चिन्हित कर बधियाकरण कार्यक्रम किया जाय।
गोष्ठी में अपर निदेशक वाराणसी मंडल राजेश सिंह ने विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों की मदद से जीव जंतुओं के कल्याण हेतु प्रेरित करने, पशु क्रूरता अधिनियम का कड़ाई से पालन करने एवं जीवों में दया भाव से व्यवहारिक बनाए जाने पर बल दिया। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने सतत निगरानी एवं जीव जंतु कल्याण योजनाओं को सतत क्रियान्वयन हेतु निर्देशित किया। अंत में उपस्थित अतिथियों ने मिलकर वृक्षारोपण किया।
जीव जंतुओं के कल्याण हेतु जनजागरूकता हेतु रैली का आयोजन भी किया। गोष्ठी में डॉ0 आशीष वर्मा, डॉ0 आरए चौधरी, डॉ0 आशीष सिंह, डॉ0 एचपी कन्नौजिया सहित कई पशुधन प्रसार अधिकारी शामिल रहे।गोष्ठी का संचालन पशु चिकित्सा अधिकारी चोलापुर डॉ0 विजय त्रिपाठी ने किया।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur