सड़क हादसे में बुझा घर का इकलौता चिराग

  • इण्टरमीडिएट का छात्र था किशोर

मुसैब अख्तर
गोण्डा। लखनऊ के शहीद पथ पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम छतौनी निवासी 17 वर्षीय इंटरमीडिएट छात्र अभिषेक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त साहिल खान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार से जा रही क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक लखनऊ के सेंट थॉमस स्कूल में इंटरमीडिएट का छात्र था और सरोजनीनगर के आजाद नगर, चिल्लावां में परिवार के साथ रहता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। अभिषेक के पिता विकास सिंह एयरपोर्ट अथॉरिटी में कार्यरत हैं, जबकि चाचा विनेश सिंह एसबीआई बैंक, बलरामपुर में मैनेजर हैं। वहीं, उसके दादा कमला सरन सिंह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार शाम को अभिषेक का शव लखनऊ से उसके पैतृक गांव छतौनी लाया गया, जहां शनिवार को गांव के ही बाग में पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेटे के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
माता-पिता और बहनों अंजली (20 वर्ष) व गुंजन (9 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों और गांव वालों ने इस घटना को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। हर कोई अभिषेक की असमय मौत पर शोकाकुल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur