विद्यालय स्थापना के स्वर्ण जयन्ती समारोह में साक्षी बने 5000 लोग

  • राज्यपाल के विशेष सचिव के आगमन से विद्यालय परिवार हुआ गदगद

देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। बाबा शुभकरन पूर्व माध्यमिक विद्यालय की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन हुआ। आयोजन में विजय प्रकाश सिंह एवं रीता सिंह सहित सभी सेवानिवृत्त अध्यापकों का पुष्पवर्षा करके अभिनदंन किया गया तथा अंगवस्त्र एवं अभिनंदन पत्र मुख्य अतिथि श्रीप्रकाश गुप्ता विशेष सचिव श्री राज्यपाल उत्तर प्रदेश के हाथों प्रदान करके सम्मानित किया गया। पुराछात्रों को विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक विजय प्रकाश सिंह ने अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं गौरव पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि विशेष सचिव राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि कोई विद्यालय 50 वर्ष की स्मृतियों को साझा कर रहा है, अपने सेवानिवृत्त अध्यापकों का अभिनंदन कर रहा है, यह बहुत बड़ी बात है। विजय प्रकाश सिंह जिन्होंने विद्यालय को यहां तक पहुंचाया है, वे निश्चित रूप से अभिनंदन के पात्र हैं।”
वीबीएस पूर्वांचल विवि के पत्रकारिता विभाग के आचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की पुरातन परंपरा एवं आधुनिक शिक्षा में परस्पर संबंधों को बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में अध्यापकों का खोया सम्मान दिलाने का कार्य करेंगे। स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित क्रीड़ा, साहित्य, विज्ञान एवं गणित महोत्सव में सहभागी बच्चों को सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रकार के मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों द्वारा प्रस्तुत किये गये। विद्यालय के स्थापना के समय के सहयोगियों को सम्मानित करते हुए कार्यक्रम के अध्यक्ष पूर्व डीआईजी जेपी सिंह ने इन्हें स्व. चंद्र प्रकाश सिंह के समान नींव के पत्थर हैं।
पूर्व प्रधानाध्यापक विजय प्रकाश सिंह ने विद्यालय के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज से 50 वर्ष पूर्व 1975 में विद्यालय का स्वप्न स्व. चंद्र प्रकाश सिंह ने देखा। उनकी सामयिक मृत्यु के बाद अध्यापकों एवं समाज के साथ मिलकर इस विद्यालय को सजाया संवारा गया है। आज भी यहां के लोगों में इस विद्यालय के प्रति अभी भी सम्मान का भाव है।
उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर ने बच्चों को पुरस्कृत करते हुए बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुये विद्यालय के निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में लखनऊ से आये अधिकारियों में अयोध्या सिंह, कुंवर प्रदीप, पीजीआई लखनऊ के चिकित्सक, राहुल यादव, आजमगढ़ के कई अधिकारी एवं क्षेत्र के सम्मानित व्यक्ति शामिल रहे। स्वर्ण जयंती समारोह में अलंकार जी, मन्नन पांडेय, कार्यक्रम सचिव पंकज सिंह, बाबा शुभकरण पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं हरिजन बाल विद्या मंदिर विजयगढ़, सैदपुर के अध्यापकों एवं बच्चों का सराहनीय योगदान रहा।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur