किसान दिवस में दी गयी योजनाओं की जानकारी

गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। कृषि विज्ञान केन्द्र हैदरगढ़ में किसान दिवस का आयोजन हुआ जहां प्रगतिशील कृषक राम किशोर पटेल, बृज लाल, कृषि विज्ञान केन्द्र के अध्यक्ष डा0 अश्वनी सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजित राम, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार, जिला उद्यान अधिकारी डा0 धीरेन्द्र सिंह मौजूद रहे। किसान दिवस में अधिकारियों एवं कृषकों ने कृषि विज्ञान केन्द्र पर प्रदर्शित तकनीकी खेती का भ्रमण एवं अवलोकन किया। कृषि वैज्ञानिकों ने रबी फसलों की उच्च उत्पादन तकनीकी के सम्बन्ध में मौके पर अवगत कराया।
जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सहायक निबन्धक सहकारी समितियां एवं जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने अपनी विभागीय योजनाओं एवं योजनाओं के अन्तर्गत अनुमन्य सुविधाओं के सम्बन्ध में कृषकों को विस्तार से जानकारी दिया। जिला कृषि अधिकारी ने विगत किसान दिवस में कृषकों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों की अनुपालन आख्या से अवगत कराया।
इसके उपरान्त कृषकों द्वारा विभिन्न विभागों से सम्बन्धित अपनी शिकायतें प्रस्तुत की गई जिसमें मुख्य रूप आलू के भण्डारण हेतु अब तक टोकन न प्राप्त करने वाले कृषकों के टोकन की व्यवस्था कराने एवं समस्या के निस्तारण हेतु हेल्पलाइन नम्बर प्रारम्भ कराने हेतु अनुरोध किया गया। अधिशाषी अभियन्ता सिंचाई ने बताया कि 5 दिन बाद नहरों का संचालन प्रारम्भ हो जायेगा।
राम किशोर पटेल ने बताया कि पूर्व में जनपद में अमूल दूध डेयरी के कलेक्शन सेन्टर द्वारा कृषकों से दूध संकलित किया जाता था किन्तु दूध के मानक में थोड़ी भी कमी होने पर दूध का मूल्य रू0 25 प्रति किग्रा0 के स्थान पर रू0 5 प्रति किग्रा0 भुगतान किया गया है जबकि स्वयं वही दूध सामान्य दूध के मूल्य पर ही विक्रय किया जाता है। सभी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि कृषकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का यथासम्भव समय से निस्तारण कराया जायेगा।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur