
रविन्द्र कुमार
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण थाना दिवस का आयोजन थाना आटा में हुआ। सम्पूर्ण थाना दिवस में आये हुए फरियादियों की शिकायतो को गम्भीरतापूर्वक सुनकर सम्बन्धित अधिकारियो को त्वरित निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़े, आपराधिक शिकायतों सहित अन्य प्रशासनिक मुद्दों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर एक सप्ताह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की सभी शिकायतों का निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाय।
पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने भी फरियादियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का जल्द से जल्द समाधान करें। यह भी कहा कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य है कि आम जनता को न्याय सुलभ कराया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाय। थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों की मॉनिटरिंग की जाएगी और यदि किसी अधिकारी की लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








