Jaunpur News: साइबर अपराधियों से रहें सावधान: प्रो. मनोज

  • महिला पीजी कालेज में महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध विषयक व्याख्यान आयोजित

विकास यादव
नौपेड़वा, जौनपुर। बक्शा विकास खंड के श्री विद्याधर तिवारी महिला महाविद्यालय सुल्तानपुर दरियावगंज में शनिवार को महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध विषयक विशेष व्याख्यान का आयोजन हुआ।
विषय पर अपनी बात रखते हुए पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों से छात्राओं को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि खुद जागरूक बनकर उनके हौसले को पस्त करना है। साइबर अपराधी कितना भी होशियार हो। यदि हम जागरूकता रखेंगे तो उनके मंसूबे कभी सफल नही होंगे।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हमें अपनी निजता की सुरक्षा स्वयं करनी होगी। क्या सार्वजनिक करना है और क्या नहीं इसका बोध हमें रखना होगा। उन्होंने सोशल मीडिया की हैकिंग, क्लोनिंग, फर्जी विज्ञापन, हनी ट्रैपिंग, साइबर बुलिंग आदि पर विद्यार्थियों को विस्तार से बताया। केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को साइबर से सुरक्षित रखने के लिए कृत संकल्पित है।
उन्होंने महिला सहायता सुविधा 1090 एवं वित्तीय धोखाधड़ी के समय केंद्र सरकार के हेल्प लाइन नंबर 1930 को सदा याद रखने की सलाह दी। व्याख्यान के पश्चात प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रश्न किए।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक विनोद तिवारी, प्राचार्य डॉ. मनोज यादव, प्रवक्ता ओम प्रकाश यादव, सुनील तिवारी सहित सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जयेश मिश्र ने किया।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur