-
महदेवा में ग्राम समाज की विवादित भूमि पर बनना था आरआरसी भवन व खेल मैदान
-
पेशबन्दी करने वालों से सख्ती से निपटे पुलिस: एसडीएम
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महादेव में सरकारी भूमि पर प्रस्तावित आरआरसी भवन निर्माण पर एसडीएम ने आबादी के नजदीक होने की वजह से निर्माण कार्य पर रोक लगाने का ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिया। साथ ही खेल मैदान के निर्माण में पेशबंदी करने वालों पर सख्ती से निपटने का महुली थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। एसडीएम के इस कड़े रुख से प्रधान व विरोधी पक्ष में खलबली मच गई है।
मालूम हो कि नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत महादेवा में ग्राम समाज की जमीन पर खेल मैदान व आरआरसी भवन निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव खंड विकास अधिकारी को सौपा था। खंड विकास अधिकारी ने सरकारी भूमि पर उपरोक्त प्रोजेक्ट को निर्माण को हरी झंडी दे दी थी।
इसी बीच गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा चक बाहर की जमीन होने की बात को लेकर पैमाइश के बाद ही निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया था।
निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद प्रधान और उनके विरोधी के बीच मारपीट हो गई थी जिसमें दोनों पक्ष से आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। प्रधान पक्ष के लोगों को चोटें आई थीं। सूचना पर पुलिस ने गांव के ही अब्दुल वफा व उनके पुत्र पत्नी और बेटी के खिलाफ बलवा का मुकदमा दर्ज किया।
इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पेशबंदी का माहौल गर्म हो गया। शनिवार को दोनों पक्ष थाना दिवस पर एसडीएम धनघटा अरुण कुमार के सामने अपना पक्ष रखे। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का मुआइना किया तथा पीड़ित की फरियाद को सुना और नक्शा देखकर जमीन की पैमाइश मौके पर भी कराया।
पीड़ित पक्ष अब्दुल वफा ने अपनी समस्या को सुनाया। एसडीएम ने आबादी के नजदीक आरआरसी भवन निर्माण पर रोक लगाने के साथ ही खेल मैदान के निर्माण को हरी झंडी दे दिया तथा दोनों पक्षों से शांत व्यवस्था बनाए रखने सरकारी काम में बाधा ना डालने की बात कही।
इसके बाद भी दूसरा पक्ष खेल मैदान के बगल से रास्ता मांगने लगा जिस पर अधिकारियों ने संबंधित लेखपाल से पीड़ित को सहूलियत देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर एसडीएम अरुण कुमार के अलावा थानाध्यक्ष महुली श्याम मोहन, राजस्व कर्मी के अलावा तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
फिलहाल ग्राम समाज की विवादित भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। थानाध्यक्ष श्याम मोहन ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ निरोधात्मक करवाई कर दी गई है। अगर किसी ने पेशबंदी करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।