आजाद बलिदान दिवस समारोह का हुआ समापन

अश्वनी सैनी
नवाबगंज, उन्नाव। आजाद भगत सिंह जैसे वीरों ने देश को आजाद कराने के लिए अपने प्राण देकर लोगों को जगाने का कार्य किया। परिणामस्वरूप देश की जनता में क्रांति की लहर चली और वह दिन भी आया जब अंग्रेजों को देश छोड़कर भागना ही पड़ा।
यह विचार यहां ब्लॉक क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज में आयोजित आजाद बलिदान दिवस समारोह में आए शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल ने व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि देश की आजादी में आजाद जैसे वीरों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हमारा देश सदियों तक मुगलों और बाद में लगभग 200 वर्षों तक अंग्रेजों के शासन में रहा जिसमें हमारे देश के लोगों को काफी अत्याचारों का सामना करना पड़ा।
समारोह में आए मोहान क्षेत्र के विधायक बृजेश रावत ने आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आजाद ने अंग्रेजों से लोहा लेते हुए आज ही के दिन इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क में अपना बलिदान देकर आजादी की क्रांति को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र की परिकल्पना तभी सार्थक होगी जब हम अपने बच्चों में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को बढ़ाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने विद्यालय को एक मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर की संज्ञा देते हुए कहा कि हम सब विद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर अपने समाज, प्रदेश और देश को ऊंचाइयों तक ले जाने में सार्थक भूमिका अदा कर सकते हैं। हमारे जनपद ने आजाद के साथ वाल्मीकि, निराला, हसरत मोहानी, भगवती चरण वर्मा, शिवमंगल सिंह सुमन, स्नेही जी, प्रताप नारायण मिश्र जैसे वीरों, साहित्यकारों को राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया। उन्होंने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, वरिष्ठ साहित्यकार/पत्रकार हृदय नारायण दीक्षित को भारत सरकार द्वारा दिए गए पद्मश्री सम्मान को जनपद के लिए गौरव कहा।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि प्रताप सिंह ने समिति के कार्यों की सराहना की तथा कहा उनके माध्यम से जो भी सहयोग विद्यालय के लिए पड़ेगा, वह करते रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत आजाद बलिदान दिवस मंच पर क्रांतिकारी आजाद और विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष रहे रघुराज सिंह सेंगर की प्रतिमा का अनावरण शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. नन्हा सिंह की पत्नी श्रीमती फूल कुमारी, शमशेर सिंह, राजबक्स सिंह, जय सिंह चौहान, जननायक सिंह, केदार सिंह एडवोकेट, शिव कुमार सिंह, सुरेश फक्कड के साथ समिति पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
आजाद जी और रघुराज सिंह सेंगर की प्रतिमा पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल, मोहान विधायक बृजेश रावत, प्रमुख प्रतिनिधि रवि प्रताप सिंह, सुरेश फक्कड़, नरेंद्र सिंह चौहान, गंगा प्रसाद सिंह, डा. रणेन्द्र सिंह, प्रबंधक राजेश सिंह एडवोकेट, उप प्रबंधक भगवती सिंह, कार्यक्रम व्यवस्थापक अवधेश सिंह, महेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, अशोक सिंह, अजय सिंह, प्राचार्या राजदुलारी जी, ओम प्रकाश सिंह, शिव प्रकाश सिंह, सुधांशु शेषर सिंह सहित तमाम गणमान्य व्यक्तियों ने माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सेवा देने वाले सेवानिवृत्ति लोगों को शिक्षक विधायक राज बहादुर सिंह चंदेल और बृजेश रावत ने रोचनाच्छत, माला, सम्मान पत्र, प्रतीक चिह्न, शाल, मानस गुटका, गीता और ताम्र पत्र भेंट करके सम्मानित किया जिसमें बुद्धि सागर अवस्थी, वृंदावन वर्मा, जय प्रकाश सिंह, रमेश चंद्र आर्य, जननायक सिंह चौहान, केदार सिंह एडवोकेट, दयाराम रावत, गणेश शंकर शास्त्री, नरेंद्र सिंह चौहान, राम सिंह तोमर, नरपति सुमन और जादूगर आफताब आलम सम्मिलित रहे।
कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा 2024 में कक्षा 10 में सर्वाधिक अंक लाने वाले छात्र मोनू राजपूत और छात्रा सोनाली यादव को प्रमाण पत्र, पुष्प और अंग्रेजी डिक्शनरी भेंट करके सम्मानित किया गया। विद्यालय में संपन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में सफल छात्राओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरण कर प्रोत्साहित किया गया।
अतिथियों के स्वागत में विद्यालय की छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। साथ में मध्य निषेध विभाग ने जादू का कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्यों राजदुलारी जी, गौरव शुक्ला, अवधेश यादव, जितेंद्र सिंह, अमित कुमार, आनंद पाल, अमित पाल, आयुष विमल, साक्षी सिंह, जया तिवारी, खुशी सिंह, मुस्कान गौतम, रूबी राजपूत, शेषाद्रि शेखर सिंह, शिवम सिंह, पप्पू जालौन सहित तमाम सारे लोगों ने आजाद जी को श्रद्धांजलि दिया।
अंत में सुरेश फक्कड़ के संयोजकत्व में सभाजीत प्रखर जौनपुर, डा. अंजना जी कानपुर, प्रमोद द्विवेदी लखनऊ, विनय विनम्र दिल्ली, अरविंद झा लखनऊ, अर्जुन सिंह ‘चांद’ झांसी, मधुप श्रीवास्तव नर कंकाल रायबरेली, गीता गंगवार बरेली, सतीश पाखंडी लखनऊ, बलराम सिंह निर्बल उन्नाव ने कवि सम्मेलन में कविता पाठ करके उपस्थित श्रोताओं को देर रात तक काव्य रस की गंगा में डुबकी लगाने के लिए बाध्य कर दिया। कवि सम्मेलन का संचालन डॉ अरविंद झा ने किया। कार्यक्रम आयोजक अवधेश सिंह सेंगर के आभार देने और वंदे मातरम गीत के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur

2025 Hang Out Jaunpur