बुन्देलखण्ड की जल सहेलियां महिला शक्ति की प्रतीक: डॉ. बबीता

  • परमार्थ संस्था, समाज कार्य विभाग एवं बुन्देलखण्ड विश्विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ महिला अधिकार सम्मेलन

मुकेश तिवारी
झांसी। महिलाओं को एक दिन तक सीमित नहीं किया जा सकता, क्योंकि वे दुनिया की आधी आबादी हैं। यह अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस नहीं, बल्कि महिला सम्मान दिवस है जो समाज में महिलाओं के योगदान को मान्यता देने के लिए मनाया जाना चाहिए। जल संरक्षण में महिलाओं की पहल देखकर स्पष्ट है कि वे किसी भी क्षेत्र में योगदान दे सकती हैं। बुन्देलखण्ड की जल सहेलियां इसी शक्ति का प्रतीक हैं। यह विचार बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में आयोजित महिला अधिकार सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ0 बबीता चौहान ने व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि झांसी की रानी लक्ष्मीबाई स्वतंत्रता के लिए लड़ी थीं, इसलिए उन्हें दुनिया याद करती है। आज भी समाज की हर महिला को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। प्रेरणादायक शब्दों में कहा, ‘‘अंधेरों को कोसने से कुछ नहीं होता, अपने लिए दिया तो खुद ही जलाना पड़ेगा।’’ जल सहेलियों ने यह साबित किया है कि संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता। महिला आयोग उनके साथ मिलकर महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो मुकेश पाण्डेय ने कहा कि समाजसेवा का कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाना चाहिये, ताकि उनका मनोबल बढ़े। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से राज्यपाल के सम्मान हेतु नीति और जल सहेलियों का नाम भेजा गया था जिससे उनके कार्य को और अधिक मान्यता मिले। सरकार महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण हेतु विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। यह भी बताया कि विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रमों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है जो समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
इस दौरान जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली जल सहेली सिरकुंवर, अजब, सीमा, पुष्पा, पूजा, आरती, राम देवी, द्रोपदी, बेना, कपूरी, माया, रेखा, दीपा, कामिनी, गायत्री, लक्ष्मी, सोनम कुशवाहा, तारा और लाडकुंवर को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ रचना विमल ने कहा कि जल सहेलियों का कार्य भारत के विकास के किसी भी प्रयास से कम नहीं है। परमार्थ संस्था के प्रमुख डॉ संजय सिंह ने जल सहेलियों की ऐतिहासिक जल यात्रा का उल्लेख किया जो जल संरक्षण और जन जागरूकता के लिए निकाली गई थी। राज्य महिला आयोग की सदस्य अनुपमा सिंह लोधी ने कहा कि जल की एक-एक बूंद धरती को सिंचित कर वृक्षों को जीवन देती है जो हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं।
वहीं महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात ने कहा कि उनकी पहल की रोशनी पूरे देश में फैलनी चाहिए। कार्यक्रम में स्वागत भाषण समाज कार्य विभागाध्यक्ष डॉ यतिन्द्र मिश्र ने किया। संचालन डॉ नीति शास्त्री ने किया और आभार डॉ अनुपमा सोनी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ मुहम्मद नईम, डॉ नेहा मिश्रा, शिवानी सिंह, अदिति, सिद्धगोपाल सिंह सहित झांसी, जालौन, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, हमीरपुर जिले की 500 से अधिक जल सहेलियां उपस्थित रहीं।

ADVT 2025 Dalimss Sunbeam School Jaunpur

Prakash Global School Jaunpur

ADVT 2024 Gahna Kothi Jaunpur