-
प्राप्त 20 शिकायतों का निस्तारण करने का दिया निर्देश
एम अहमद/नसीम अहमद
श्रावस्ती। प्रदेश के राज्य महिला आयोग की सदस्या प्रियंका मौर्या जनपद में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने तथा महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा किये जाने हेतु एक दिवसीय दौरे पर जनपद पहुंचीं। तत्पश्चात् उन्होंने विकास भवन सभागार पहुंचकर महिला उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना। इस दौरान उनको कुल 20 शिकायती पत्र प्राप्त हुये जिनमें से कुछ न्यायालय से सम्बन्धित प्रकरण थे। शेष अन्य शिकायतों के निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस मौके पर उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं व शिकायतों से रूबरू होते हुए कहा कि समस्याओं से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय देने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। आज मुझे बुद्ध की नगरी में आने सौभाग्य प्राप्त हुआ है, उनका संदेश है कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर जीवन को सफल बनाया जाए। इसी उद्देश्य से मैं यहां की महिलाओं को भी यही कहना चाहती हूं कि अपने जीवन में प्रेम और विश्वास बढ़ायें जिससे उनका पारिवारिक जीवन सुखी ढंग से चल सके।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील किया कि लड़का-लड़की में भेदभाव न करें, दोनों को समान शिक्षा दें जिससे बेटियां भी अपने पैरों पर खड़े होकर परिवार, समाज एवं देश का नाम रोशन करें। इसके लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की महात्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं शिक्षित कर उन्हें बराबरी का अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों का भी दायित्व बनता है कि वे महिलाओं एवं बालिकाओं छोटी-बड़ी शिकायतों को गम्भीरता से लें और त्वरित कार्यवाही कर उन्हे न्याय शुलभ करायें, ताकि समस्याओं से ग्रसित महिलाओं एवं बालिकाओं को न्याय के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और उनका मान-सम्मान प्रत्येक दशा में कायम रहे।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीके दास, जिला समन्वयक बेसिक शिक्षा अजीत उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण, पीड़ित महिलाओं सहित अन्य की उपस्थिति रही।